Agra News :यूपीएमआरसी के 9 वर्ष पूरे: आगरा मेट्रो कर्मियों को एमडी मेडल, ताजमहल स्टेशन बना ‘बेस्ट केप्ट मेट्रो स्टेशन’

IMG-20260905-WA0035
Share News

आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने अपने गौरवशाली नौ वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यूपीएमआरसी के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धियों को सराहा गया। मेट्रो दिवस के अवसर पर आगरा मेट्रो के उत्कृष्ट कर्मचारियों को एमडी मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं आगरा के ताजमहल मेट्रो स्टेशन को ‘बेस्ट केप्ट मेट्रो स्टेशन’ अवॉर्ड से नवाजा गया।

सम्मान समारोह में आगरा मेट्रो परियोजना में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में पदक प्रदान किए गए। श्री अमित सैनी, सेक्शन इंजीनियर/सिविल को एमडी गोल्ड मेडल (स्वर्ण पदक) से सम्मानित किया गया। उन्होंने आगरा मेट्रो के शेष भूमिगत सेक्शन, मेडिकल कॉलेज से आरबीएस कॉलेज तक, चुनौतीपूर्ण टनलिंग ऑपरेशन तथा स्टेशनों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण को पूरा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

IMG 20260905 WA0035 scaled

इसी क्रम में श्री महफूज अंसारी, सेक्शन इंजीनियर (ई एंड एम) को कांस्य पदक प्रदान किया गया। वहीं सर्वश्रेष्ठ मेंटेनेंस स्टाफ की श्रेणी में श्री रिजबान खान, सीनियर मेंटेनर/पी-वे को एमडी सिल्वर मेडल (रजत पदक) से सम्मानित किया गया।
सर्वश्रेष्ठ ऑपरेशन स्टाफ की श्रेणी में श्री सुमित कुमार, सीनियर स्टेशन कंट्रोलर को कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया। इन कर्मचारियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और समर्पण की कार्यक्रम में विशेष रूप से सराहना की गई।

ताजमहल मेट्रो स्टेशन को मिला विशेष सम्मान
आगरा मेट्रो के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में ताजमहल (TJML) मेट्रो स्टेशन को ‘बेस्ट केप्ट मेट्रो स्टेशन’ अवॉर्ड प्रदान किया गया। स्टेशन की साफ-सफाई, रखरखाव और बेहतर प्रबंधन के लिए यह सम्मान दिया गया।

 

नौ वर्षों में तीन शहरों में सफल मेट्रो संचालन
कार्यक्रम के दौरान यूपीएमआरसी के नौ वर्षों के सफर को उपलब्धियों से भरा बताया गया। यूपीएमआरसी वर्तमान में लखनऊ, कानपुर और आगरा में मेट्रो सेवाओं का सफल संचालन कर रहा है। अधिकारियों ने कहा कि तीनों शहरों में सुरक्षित, विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण मेट्रो संचालन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कर्मचारियों की मेहनत और टीमवर्क सफलता की कुंजी : सुशील कुमार

IMG 20260905 WA0032 2 scaled

इस अवसर पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा कि यूपी मेट्रो के नौ वर्षों का सफल सफर कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यूपीएमआरसी ने प्रति यात्री किराया राजस्व में 30 प्रतिशत अधिक, प्रति किलोमीटर आय में 29 प्रतिशत अधिक और गैर-किराया राजस्व प्रति किलोमीटर में 95 प्रतिशत अधिक प्रदर्शन दर्ज किया है।

उन्होंने कहा कि सिग्नलिंग विश्वसनीयता में भी बेहतर प्रदर्शन तथा ऊर्जा दक्षता में सुधार यूपीएमआरसी की कार्यक्षमता को दर्शाता है।
श्री सुशील कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यूपी मेट्रो गुणवत्ता सूचकांक में सर्वाधिक मानकों पर खरा उतरा है और वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।
उन्होंने कहा, “हम केपीआई (की परफॉरमेंस इंडेक्स) डेटा के हिसाब से मेट्रो संचालन में अन्य मेट्रो से अधिक सफलतापूर्वक संचालन कर रहे हैं। हम इसी प्रकार लखनऊ, कानपुर एवं आगरा में आगे भी विश्वस्तरीय मेट्रो संचालन करने के लिए प्रयासरत एवं प्रतिबद्ध रहेंगे।”

IMG 20260905 WA0038 scaled

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में निदेशक वित्त श्री शील कुमार मित्तल, निदेशक रोलिंग स्टॉक एंड सिस्टम्स श्री नवीन कुमार, निदेशक संरचना श्री सीपी सिंह, निदेशक ऑपरेशंस श्री प्रशांत मिश्रा सहित यूपीएमआरसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

यूपीएमआरसी के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर मिले सम्मान से आगरा मेट्रो के कर्मचारियों में उत्साह का माहौल रहा। ताजमहल मेट्रो स्टेशन को मिला ‘बेस्ट केप्ट मेट्रो स्टेशन’ का सम्मान आगरा मेट्रो की कार्यप्रणाली और बेहतर रखरखाव के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Trending News