संवाददाता: मनोज कुमार
जसवंतनगर/इटावा: बाइक सवार मां बेटे को उल्टी साइड से जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। 25 वर्षीय बेटे के सिर व पैर में चोट आई है जबकि मां को हल्की चोट बताई गई है। लापरवाह ट्रैक्टर चालक ने दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चलता छोड़ छलांग लगा दी जिससे बेकाबू ट्रैक्टर से हाईवे किनारे खेत में एक टिन शेड व दीवार छतिग्रस्त हो गई है।
दोपहर 3 बजे करीब मॉडर्न तहसील के सामने सर्विस रोड पर उल्टी साइड से जा रहे एक ट्रैक्टर ट्राली ने इटावा की ओर से आ रही बाइक में सामने से टक्कर मार दी। जिससे बाइक चालक 25 वर्षीय कमलेंद्र प्रताप सिंह पुत्र सुरेश चंद्र निवासी ग्राम दुर्गापुरा को सिर और दाएं पैर में घुटने के पास चोट आई है। बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मॉडर्न तहसील के सामने कचौरा बाईपास से हाईवे किनारे सर्विस रोड पर उल्टी साइड से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली ने तेज गति से उक्त बाइक में टक्कर मारी इसके बाद ट्रैक्टर चालक ने कुछ मीटर दूर स्थित खेत की ओर ट्रैक्टर ट्राली को चलता हुआ छोड़ छलांग लगा दी जिससे बेकाबू ट्रैक्टर ट्रॉली ने राजेंद्र सिंह के खेत में कोने पर बनी एक टिन शेड व दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।