संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने सुदूरवर्ती नौरंगिया दोन क्षेत्र का दौरा कर विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित किया।

पंचायत सरकार भवन में आयोजित बैठक के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और इंटरनेट कनेक्टिविटी से जुड़ी समस्याओं को जिला पदाधिकारी के समक्ष रखा। डीएम ने संबंधित विभागों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा एएनएम की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। वहीं ग्रामीण कार्य विभाग को आवश्यक सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा विद्युत विभाग को ऑनग्रिड बिजली उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि नौरंगिया दोन के समग्र विकास के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर सिविल सर्जन, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।