संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
राजापाकर थाना पुलिस ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए शेखपुरा गांव स्थित बंद पड़ी पुरानी चिमनी के पास से 3,780 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने दो पिकअप वैन और एक मोटरसाइकिल जब्त करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, अपर थानाध्यक्ष संदीप मंडल को गुप्त सूचना मिली थी कि चक्सीकंदर की ओर से महुआ जा रही एक बिना नंबर की पिकअप गाड़ी शेखपुरा गांव के पास खराब हो गई है। वाहन को पुरानी चिमनी के समीप लाकर उसमें मौजूद शराब को दूसरी पिकअप में उतारकर खपाने की तैयारी की जा रही थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। सुबह करीब 6:10 बजे पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद 5-6 संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार अन्य फरार होने में सफल रहे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंजय कुमार (29 वर्ष), निवासी शेखपुरा, राजापाकर एवं बिरजु कुमार (25 वर्ष), निवासी दीवानटोक, गंगाब्रिज के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली टाटा पिकअप से 3,360 लीटर तथा अशोक लेलैंड पिकअप (BR05GC9467) से 420 लीटर अवैध देसी चुलाई शराब बरामद की गई। शराब को बोरों के भीतर प्लास्टिक की थैलियों में छिपाकर रखा गया था।
इसके अतिरिक्त शराब तस्करी में लाइनर के रूप में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (BR04AZ2362) भी जब्त की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।