Bihar News: राजापाकर में आन-बान-शान से फहराया गया तिरंगा, प्रभात फेरी में गूंजा देशभक्ति का संदेश
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार | राजापाकर, वैशाली
राजापाकर। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के साथ मनाया गया। सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, पंचायत भवनों और सामाजिक संस्थानों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय पर्व की खुशियां मनाई गईं।
विभिन्न संस्थानों में हुआ ध्वजारोहण
राजापाकर प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रखंड प्रमुख ललिता देवी, बीस सूत्री कार्यालय परिसर में बीस सूत्री अध्यक्ष अवधेश राय, बीआरसी भवन परिसर में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधी रंजन कुमार, बाल विकास परियोजना कार्यालय में सीडीपीओ मीरा कुमारी तथा राजापाकर थाना परिसर में थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्री प्रकाश उपाध्याय, राजापाकर उत्तरी ग्राम कचहरी में सरपंच लालपति देवी, पंचायत भवन परिसर में मुखिया सरिता पटेल, पीएम श्री राजकीय आदर्श मध्य विद्यालय राजापाकर में प्रधानाध्यापक प्रभात चौधरी तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजापाकर में प्रभारी प्रधानाध्यापक बिंदेश्वर प्रसाद सिंह ने ध्वजारोहण किया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने निकाली प्रभात फेरी
उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजापाकर के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने प्रभारी प्रधानाध्यापक बिंदेश्वर प्रसाद सिंह के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी राजापाकर हाई स्कूल चौक, पुरानी बाजार सहित विभिन्न चौक-चौराहों से होकर गुजरी। इस दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से जुड़े नारे लगाए और लोगों को राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से गूंजा क्षेत्र
ध्वजारोहण से पहले राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया और उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया।
विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को जागृत किया।
कई स्थानों पर स्वतंत्रता सेनानियों एवं देश के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया गया।
देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया राजापाकर
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। तिरंगे के साथ पूरा प्रखंड क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
लोगों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में कार्यक्रम के बाद लोगों के बीच मिठाइयां भी वितरित की गईं।