Bihar news नशामुक्ति हेतु चलाये जन जागृति कार्यक्रम : जिलाधिकारी

Bihar news Public awareness program should be run for drug de-addiction: District Magistrate

Bihar news Public awareness program should be run for drug de-addiction: District Magistrate

Share News

संवाददाता मोहन सिंह

बेतिया: जिलाधिकारी, कुंदन कुमार ने कहा कि जिले में नशामुक्ति के लिए निरंतर जन जागृति कार्यक्रम का आयोजन कराना सुनिश्चित किया जाय। नशा सेवन की बुराईयों एवं नशामुक्ति के लाभ को आमजन के बीच व्यापक स्तर पर प्रचारित एवं प्रसारित करायी जाय ताकि आमजन नशा का सेवन नहीं करें तथा खुशहाल जीवन व्यतीत करें। जिलाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित समीक्षात्मक बैठक के दौरान अधिकारियों को निदेशित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों के माध्यम से नशा की बुराईयों की जानकारी एवं नशामुक्ति से होने वाले लाभ की जानकारी आम लोगों में प्रचारित करते हुए नशा के विरूद्ध जन चेतना जागृत करने हेतु अभियान में तेजी लायी जाय तथा ताड़ के उत्पाद नीरा के लाभ एवं ताड़ी की हानि को भी प्रचारित-प्रसारित कराया जाय। डीपीएम, जीविका को संवेदनशील स्थल जहां शराब की बिक्री, सेवन आदि की घटनाएं पूर्व में हो चुकी हैं, वहां व्यापक स्तर पर जीविका दीदियों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाने का निदेश जिलाधिकारी द्वारा दिया गया है। साथ ही पूर्व में ताड़ी आदि कारोबार में संलग्न व्यक्तियों को सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत लाभान्वित करने का भी निदेश दिया गया है।

कार्यपालक अभियंता, विद्युत को निदेश दिया गया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अधिष्ठापित सभी ट्रांसफॉर्मर एवं विद्युत पोलों पर मद्यपान वर्जित है, की वैधानिक चेतावनी तथा टॉल फ्री नंबर-15545 तथा 18003456268 अंकित कराया जाय। साथ ही विद्युत विपत्रों पर भी नशा पान नहीं करने हेतु जागरूकता संदेश अंकित कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निदेश जिलाधिकारी द्वारा दिया गया है। जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को होर्डिंग, फ्लेक्स, बैनर, पोस्टर, नुक्कड़ नाटक, दीवाल लेखन, प्रभातफेरी, रैली, रंगोली प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता आदि के माध्यम से नशा सेवन की बुराईयों एवं नशामुक्ति के लाभ आदि को प्रचारित-प्रसारित करने का निदेश दिया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनिल कुमार, अपर समाहर्ता, नंदकिशोर साह, अनिल राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।