Bihar News : राजापाकर में वीजीपीपी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, ग्राम पंचायत विकास प्लान तैयार करने की दी गई जानकारी
संवाददाता राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
राजापाकर प्रखंड क्षेत्र में वीजीपीपी योजना के तहत विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रखंड कार्यालय के सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी जावेद कमाल ने की, जबकि संचालन लेखा सहायक अरविंद कुमार ने किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों में पंचायत समिति सदस्य तापसी प्रसाद सिंह, मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पटेल एवं गणेश पासवान उपस्थित रहे। हालांकि अन्य जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। इस संबंध में पूछे जाने पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी जावेद कमाल ने बताया कि पत्र के माध्यम से ऑनलाइन सभी जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित कर्मियों को कार्यक्रम की जानकारी दे दी गई थी।

प्रशिक्षण के दौरान पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं की प्राथमिकता तय करने, ग्रामीणों की आवश्यकताओं को चिन्हित करने तथा जरूरी योजनाओं को ग्राम पंचायत विकास प्लान में शामिल करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। संबंधित अधिकारियों, पंचायत कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों को ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि पंचायत के समग्र विकास के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और ग्रामीणों की जरूरतों का आकलन करना आवश्यक है। इसके आधार पर विकास कार्यों की प्राथमिकता निर्धारित कर उन्हें पंचायत योजना में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके।
प्रशिक्षण में वार्ड स्तर से प्राप्त सुझावों और ग्रामीणों की समस्याओं को ग्राम पंचायत प्लान में उचित महत्व देने पर विशेष जोर दिया गया। जल सुरक्षा, ग्रामीण बुनियादी ढांचा, आजीविका, अत्यधिक मौसम एवं आपदा निवारण जैसी आवश्यकताओं को भी पंचायत विकास योजना में शामिल करने की जानकारी दी गई।
इस दौरान वीजीपीपी तैयार करने की प्रक्रिया, योजनाओं के चयन, उपलब्ध संसाधनों के उपयोग तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के आपसी समन्वय से संबंधित जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों ने योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों ने ग्राम पंचायत के विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की और योजना तैयार करने की प्रक्रिया को समझा। अधिकारियों ने कहा कि पंचायत स्तर पर बेहतर, व्यवस्थित और जरूरत आधारित विकास योजना तैयार होने से विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायतों को योजनाबद्ध, पारदर्शी और सहभागी तरीके से विकास की दिशा में आगे बढ़ाना तथा ग्रामीणों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं को प्राथमिकता देना रहा।