Etawah News: भारत विकास परिषद इटावा तुलसी की चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों से उकेरा देशप्रेम, सी.डी. पब्लिक स्कूल में हुआ भव्य आयोजन

IMG-20261007-WA0084
Share News

ब्यूरो संवाददाता 

इटावा: भारत विकास परिषद, इटावा तुलसी शाखा द्वारा चलाए जा रहे सांस्कृतिक पखवाड़े के अन्तर्गत बुधवार को सी.डी. पब्लिक स्कूल, गाड़ीपुरा में चित्रकला प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता का संयोजन शाखा के वरिष्ठ सदस्य एवं शिक्षाविद् डॉ. ध्रुव कुमार गुप्ता ने किया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय प्रबंधक प्रदीप कुमार गुप्ता एवं तुलसी के दायित्वधारियों द्वारा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात् छात्रों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

रंगों से सजी कल्पनाएं –

प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 5 तक के लगभग तीन दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

प्रतियोगिता का मुख्य विषय राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, भारतीय संस्कृति और मेरा प्यारा भारत’ रखा गया था।

मुख्य अतिथि ने अपने सम्बोधन में बच्चों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों ने अपनी कल्पना को कैनवास पर उतारते हुए तिरंगे, शहीदों के चित्र, पेड़-पौधों, स्वच्छ भारत और भारतीय त्योहारों के मनोहारी चित्र बनाए। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और रचनात्मकता का माहौल बना रहा।

संयोजक डॉ. ध्रुव कुमार गुप्ता ने भारत विकास परिषद का उद्देश्य बच्चों एवं उपस्थित लोगों बताते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, देशभक्ति और भारतीय संस्कृति से जोड़ना है। चित्रकला प्रतियोगिता बच्चों की कल्पनाशक्ति, एकाग्रता और रचनात्मक क्षमता को निखारने का सबसे सशक्त माध्यम है।

तुलसी शाखा द्वारा सांस्कृतिक पखवाड़े में लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार पुरवार ने तुलसी शाखा का आयोजन हेतु आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल द्वारा श्रेष्ठ चित्रों का चयन किया गया जिसमें प्रथम स्थान साक्षी को द्वितीय स्थान कार्तिक को तृतीय स्थान छवि यादव को एवं सांत्वना में इमाम एवं वेदांश सिंह को पुरस्कार मुख्य अतिथि एवं तुलसी सदस्यों द्वारा प्रदान किये गए साथ ही अन्य सभी प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।

तुलसी द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में सचिव डॉ ध्रुव कुमार गुप्ता, मौसमी पाल प्रीतम खन्ना, नीलिमा चौधरी, शशि दीक्षित, अनीता वर्मा, आदित्य पोरवाल, काजल सिंह, रेखा यादव, अंजू चौधरी एवं पंकज कुमार सिंह चौहान सहित अन्य तुलसी सदस्य, विद्यालय परिवार के शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे। समापन अवसर पर डॉ. ध्रुव कुमार गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Trending News