Bihar न्यूज़ : बेतिया GMCH के पास नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी 4 घंटे में गिरफ्तार
संवाददाता मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
बेतिया के जीएमसीएच (GMCH) परिसर के समीप 14 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, अस्पताल में इलाजरत एक महिला की देखभाल कर रही उसकी नाबालिग पुत्री को अस्पताल के ही एक संविदा/लैब कर्मी द्वारा कथित रूप से बहला-फुसलाकर अस्पताल परिसर से बाहर स्थित अपने डेरे पर ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।
कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान रविरंजन, पिता कमलेश यादव, निवासी हरदिया भुवाल, थाना मटियारिया के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी GMCH में कर्मी के रूप में भी तैनात है।

लिखित शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी
बेतिया पुलिस को 6 अक्टूबर 2026 को पीड़िता के परिजनों की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत मिलते ही नगर थाना में कांड संख्या 595/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1) तथा POCSO एक्ट के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सूचना के आधार पर त्वरित छापेमारी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने के करीब चार घंटे के अंदर ही आरोपी को पकड़ लिया गया।
महिला पुलिस अधिकारी कर रही मामले की जांच
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुसंधान की जिम्मेदारी महिला पुलिस पदाधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस टीम घटनास्थल, अस्पताल परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा मामले से जुड़े तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों को भी एकत्र किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

स्पीडी ट्रायल के लिए चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी
बेतिया पुलिस ने कहा है कि इस गंभीर मामले में समयबद्ध तरीके से अनुसंधान पूरा कर न्यायालय में आरोप-पत्र (चार्जशीट) समर्पित करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने अभियुक्त को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कठोर सजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।
बेतिया पुलिस ने कहा कि लोक व्यवस्था के संधारण और गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।