Bihar News: छावनी आरओबी एवं एनएच पर सड़क सुरक्षा कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

Share News

बेतिया में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने छावनी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) एवं राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने, व्हाइट लाइन मार्किंग, यातायात संकेतक लगाने, नियमित पेट्रोलिंग, बैरियर स्थापना और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

IMG-20260704-WA0009
Share News

संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण।

जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा छावनी स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) एवं सर्विस लेन के निर्माण व मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सड़क सुरक्षा, अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

IMG 20260704 WA0008

जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच) को सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पूर्व में नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने राष्ट्रीय उच्च पथ पर व्हाइट लाइन मार्किंग, आवश्यक यातायात संकेतक (साइनेज) लगाने तथा सड़क सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित पेट्रोलिंग, ट्रॉली एवं बैरियर की स्थापना तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय शीघ्र लागू करने को कहा।

बैठक में छावनी रेलवे ओवरब्रिज के नीचे पेवर ब्लॉक लगाने और सर्विस लेन के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने पर भी चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा मिल सके।

बैठक में नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) सुजीत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), जिला परिवहन पदाधिकारी रितु रानी तथा संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।

Trending News