संवाददाता रिषीपाल सिंह
बसरेहर ब्लॉक क्षेत्र में आज समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष नितिन यादव ने की, जबकि नेतृत्व पूर्व प्रत्याशी सर्वेश शाक्य ने किया।
इस दौरान पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बसरेहर क्षेत्र के दर्जनों गांवों में पहुंचकर बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सर्वेश शाक्य ने कहा कि बाबा साहेब ने सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की स्थापना के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उन्होंने संविधान निर्माण के दौरान किए गए उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि देश के वंचित और पीड़ित वर्ग को आज भी जागरूक होकर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए।
वहीं ब्लॉक अध्यक्ष नितिन यादव ने कहा कि बाबा साहेब ने अपने जीवन भर दलितों, महिलाओं और मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया तथा छुआछूत जैसी कुरीतियों का विरोध किया। उन्होंने बाबा साहेब के जीवन और उनके संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर नरेंद्र पाल, शिवम पाल, गौरव यादव, अनिल भोले, दीपक किल्ली, विक्की शंकरपुर, नूतन, रोहित (सेक्टर प्रभारी), नवनीत, बिजेंद्र, पिंकी, सोनी, प्रमोद मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।