मुख्य सड़क से नगर निगम, डीसीएलआर व निबंधन कार्यालय तक पीसीसी सड़क और आरसीसी नाला निर्माण की निविदा जारी : गरिमा

IMG-20260911-WA0004
Share News

संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण

नगर निगम क्षेत्र के अति महत्वपूर्ण प्रशासनिक क्षेत्र में बेहतर सड़क और सुगम जल निकासी की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम द्वारा महत्वपूर्ण योजना पारित की गई है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि इस योजना के तहत कलेक्ट्रेट से सिविल कोर्ट मेन रोड होते हुए अनुमंडल कार्यालय एवं नगर निगम कार्यालय से डीसीएलआर और निबंधन कार्यालय तक पीसीसी सड़क तथा आरसीसी नाला का निर्माण कराया जाएगा।

IMG 20260911 WA0004

महापौर ने बताया कि नगर निगम द्वारा जारी निविदा विज्ञप्ति के अनुसार इस योजना के लिए 43 लाख 92 हजार रुपये की अनुमानित राशि स्वीकृत की गई है। योजना के अंतर्गत संबंधित मार्ग पर पीसीसी सड़क निर्माण के साथ आरसीसी नाला का भी निर्माण कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के साथ आरसीसी नाला बनने से इस महत्वपूर्ण मार्ग पर जलजमाव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। अनुमंडल कार्यालय, नगर निगम कार्यालय, डीसीएलआर, निबंधन कार्यालय और जिला अभियोजन जैसे प्रमुख सरकारी कार्यालय इसी क्षेत्र में स्थित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम लोगों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क के सुदृढ़ीकरण और व्यवस्थित जल निकासी को शहरी सुविधा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

महापौर ने बताया कि जारी निविदा के अनुसार निर्माण कार्य की संभावित अवधि तीन माह निर्धारित की गई है। योजना के लिए 18 सितंबर से 6 अक्टूबर तक ई-टेंडरिंग के माध्यम से दावेदारी करने की समय सीमा निर्धारित की गई है। वहीं, निविदा की तकनीकी बीड 8 अक्टूबर को खोली जाएगी।

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि उनकी पहल पर नगर निगम द्वारा पारित यह योजना पूरी होने के बाद प्रशासनिक कार्यालयों वाले इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन सुगम होने के साथ-साथ बरसाती पानी की निकासी भी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे आम लोगों, अधिकारियों और कर्मचारियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा जलजमाव की समस्या से भी राहत मिलने की संभावना है।

Trending News