संवाददाता सुशील चन्द्रा
पिनाहट: शुक्रवार को दोपहर बाद बाह विधायक पक्षालिका सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी आगरा जे मणिकन्दन पिनाहट पहुंचे जहां उन्होंने ब्लॉक सभागार में क्षेत्र के सभी नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों और प्रशासनिक कर्मचारियों के साथ विकास कार्यों को लेकर एक बैठक की जिसमें उन्होंने समस्त नवनिर्वाचित प्रधानों को पंचायतों में ग्रामीणों को वैक्सीन के प्रति जागरूक करने एवं वैक्सीनेशन के स्तर को बढ़ाने पर जोर दिया।

साथ ही पंचायतों में पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए कहा। सभागार बैठक में सभी ग्राम प्रधानों ब्लॉक के अधिकारी कर्मचारियों के साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायतों में रेन हार्वेस्टिंग,वृक्षारोपण और तालाबों के सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा की। उन्होंने प्रधानों के साथ ग्राम पंचायतों को स्मार्ट बनाने के लिए योजना बनाने और उस पर अमल करने पर बल दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार पूरे आगरा जनपद की ग्राम पंचायतों में वैक्सीनेशन का कार्य तेजी से कराया जाना है।

विधायक पक्षालिका सिंह ने सभी को अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में वैक्सीनेशन कराने एवं विकास कार्यों पर जोर देने के लिए कहा और लोगों को वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक करने की बात कही।इस दौरान उपजिलाधिकारी बाह अब्दुल बासित,बीडीओ पिनाहट सहित ब्लॉक स्तर के सभी कर्मचारी, ग्राम प्रधान शामिल रहे।