संवाददाता सुशील चन्द्रा
बाह: थाना बाह क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भाऊपुरा मे एक गरीब महिला के साथ ठगी का मामला प्रकाश मे आया है। जिसके अंतर्गत महिला से ग्राम पंचायत के विकास अधिकारी और उसके सहयोगी ने प्रधानमंत्री ग्राम आवास योजना के तहत आवास दिलाने का झाँसा देकर एक साल पहले बीस हजार रुपए ले लिए लेकिन महिला को आवास नहीं मिल सका।पीड़िता ब्लॉक कार्यालय और अधिकारियों के एक साल से चक्कर लगा रही है लेकिन उसको आवास नसीब नहीं हो सका।

जिलाधिकारी बाह के पास खड़ी पीड़ित महिला
जब महिला ने उक्त लोगों से आवास न दिला पाने पर अपने बीस हजार रुपए वापस माँगे तो महिला को धमकियां दी जाने लगीं तब महिला को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ।थक हार कर महिला ने क्षेत्रीय विधायक से अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत की जिस पर उन्होंने अधिकारियों से जाँच कराने के निर्देश दिए।दो दिन पहले भी महिला का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमे उसने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अरविंद कुमार और एक सहयोगी दुलीचंद को बीस हजार रुपये दिए जाने की बात कही।गुरुवार को महिला ने बाह ब्लॉक कार्यालय पर जाकर जिलाधिकारी प्रभुनारायण सिंह को शिकायत पत्र देकर धोखाधड़ी करने वालों पर कार्यवाही किए जाने की माँग की।जिस पर जिलाधिकारी महोदय ने उपजिलाधिकारी बाह अब्दुल बासित को महिला की समस्या का त्वरित निराकरण कराने के निर्देश दिए।

वहीं महिला ने बताया कि वह अत्यंत गरीब है और उसका परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन गुजार रहे हैं।एक साल पहले ग्राम पंचायत के विकास अधिकारी अरविंद कुमार और एक अन्य सहयोगी दुलीचंद ने उसे आवास दिलाने का झाँसा देकर बीस हजार रुपए ठग लिए लेकिन उसे आवास नहीं मिला।जब उसने रुपए वापस माँगे तो उसे धमकियां दी जाने लगीं।उसने इसकी शिकायत अधिकारियों से की लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।थक हार कर वह जिलाधिकारी से अपने साथ हुई ठगी की शिकायत करने आई है।और उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से मिलकर अपनी फरियाद करेगी।