Agra News : किड्स वनस्थली में गूंजा ‘नशा छोड़ें, जीवन संवारें’ का संकल्प, विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

IMG-20260819-WA0074
Share News

आगरा। नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में अब स्कूली बच्चे भी अपनी भूमिका निभा रहे हैं। किड्स वनस्थली पब्लिक स्कूल में बुधवार को नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और संस्कारमय जीवन जीने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वीरेंद्र कुमार मित्तल, प्रदेश महामंत्री, भाजपा प्रणित उत्तर प्रदेश रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को बचपन से ही नशे के खिलाफ जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूक और संस्कारवान युवा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत कर सकते हैं।

IMG 20260819 WA0074

इस अवसर पर मनीष कुमार मित्तल, डायरेक्टर, मिग्फ्रे ग्रुप, डॉ. रीना जालान, चेयरमैन, मिग्फ्रे ग्रुप तथा डॉ. स्वाति चंद्रा, डायरेक्टर, मिग्फ्रे ग्रुप सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में आशा दीदी एवं विनीता दीदी, ब्रह्माकुमारी आश्रम ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। विद्यार्थियों से अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच और अनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।

मनीष कुमार मित्तल ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें नशे से बचाकर ही स्वस्थ एवं सशक्त भारत का निर्माण किया जा सकता है।

डॉ. रीना जालान ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को शैक्षणिक शिक्षा देना नहीं, बल्कि उनके चरित्र और व्यक्तित्व का निर्माण करना भी है। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉ. स्वाति चंद्रा ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है। नशे से दूर रहकर विद्यार्थी अपने लक्ष्यों और सपनों को पूरा करने के साथ-साथ देश की प्रगति में भी योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में उमा अली, वाइस प्रिंसिपल, ममता बघेल, सुपरवाइजर सहित विशाल, अंजू, गौरी, गीता, रिया, खुशबू, प्रीति और विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

IMG 20260819 WA0069

कार्यक्रम के अंत में गौरव, कृष्ण, सोहम, लक्ष्मेंद्र, तन्वी, दीपिका, गौरांश और कार्तिक सहित सभी विद्यार्थियों ने हाथ उठाकर नशामुक्ति की शपथ ली। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं जीवनभर नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करेंगे।
इस दौरान विद्यालय परिसर “नशा छोड़ें, जीवन संवारें” जैसे नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें सकारात्मक, स्वस्थ और जिम्मेदार जीवन जीने का संदेश दिया।

Trending News