बेतिया/पश्चिमी चंपारण। नगर निगम बेतिया की महापौर गरिमा देवी सिकारिया एवं मंदिर अध्यक्ष रोहित कुमार सिकारिया के नेतृत्व में नगर के लाल बाजार स्थित गोपीनाथ पंचायती मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव बड़े धूमधाम और वैदिक विधि विधान के साथ मनाया गया। शनिवार को देर रात तक चले इस आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने हिस्सा लिया।

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर सर्वप्रथम मंदिर परिसर और श्रीकृष्ण के आसन की साफ-सफाई कर उसे आकर्षक रूप से सजाया गया।
मध्य रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की प्रतिमा का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगाजल, कच्चे दूध एवं पंचामृत से अभिषेक कर नए वस्त्र, मुकुट एवं फूलों की माला से अलौकिक श्रृंगार किया गया।

इसके बाद कान्हा जी का पालना सजाकर परंपरागत रूप से झूलाया गया। शंख, घंट और झालर-झूमर की ध्वनियों के बीच वैदिक मंत्रोच्चार से पूजा-अर्चना सम्पन्न हुई।

इस अवसर पर मंदिर समिति के सचिव गोपाल केडिया, अंजनी जोशी, संजय उदयपुरिया, सुभाष उदयपुरिया, शंकर नाई सहित समिति के कई सदस्यों का विशेष योगदान रहा।