Agra News : प्रिल्यूड में पर्यावरण संरक्षण और बालिका शिक्षा का अनूठा संगम, वृक्षों को राखी बांधकर लिया संरक्षण का संकल्प
संवाददाता मुस्कान सिंह
आगरा। रोशनी डॉ. आर.एस. सोढ़ी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं रोटरी क्लब ऑफ आगरा रॉयल के संयुक्त तत्वावधान में 12 अगस्त 2026 को प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में पर्यावरण जागरूकता व्याख्यान एवं बालिका छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद एवं मेधावी छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुप्रसिद्ध पर्यावरणविद् डॉ. मधु भटनागर ने “हर पेड़ की एक समुद्र रूपी कहानी है (Every Tree Has an Ocean Story)” विषय पर प्रेरणादायी व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि जीवन, जलचक्र और पर्यावरणीय संतुलन के आधार हैं। उन्होंने वृक्ष एवं जल संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सुशील गुप्ता, निदेशक, प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हम अपने परिवार के सदस्यों की रक्षा करते हैं, उसी भावना से वृक्षों और प्रकृति की भी रक्षा करनी चाहिए। उन्होंने बालिका शिक्षा को समाज के भविष्य को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री राजीव वासन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में वृक्षों को राखी बांधकर उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस प्रतीकात्मक पहल ने प्रकृति के प्रति प्रेम, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्राथमिक कक्षाओं से लेकर महाविद्यालय स्तर तक की लगभग 30 से 35 मेधावी एवं जरूरतमंद छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। छात्रवृत्ति का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की प्रतिभाशाली बालिकाओं को शिक्षा जारी रखने में सहयोग देना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता रोटेरियन मनोज बाल, अध्यक्ष, रोशनी ट्रस्ट एवं रोटरी क्लब ऑफ आगरा रॉयल ने की। आयोजकों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और बालिका शिक्षा समाज के उज्ज्वल भविष्य से सीधे जुड़े विषय हैं। दोनों क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयास सकारात्मक सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर रोटेरियन नीतू अग्रवाल (सचिव), रोटेरियन रुचि अग्रवाल (कोषाध्यक्ष), रोटेरियन संगीता अग्रवाल, रोटेरियन सरोज प्रशांत, रोटेरियन शारदा गुप्ता, रोटेरियन मीरा अग्रवाल, रोटेरियन बीना पोटदार, रोटेरियन रेखा अग्रवाल, विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा सहजपाल, प्रमुख शैक्षणिक समन्वयिका डॉ. रश्मि गांधी सहित क्लब की अन्य सदस्याएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।