संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
नगर निगम क्षेत्र के अल्प विकसित झिलिया मोहल्ले के समग्र विकास को लेकर नगर निगम ने बड़ी पहल की है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि झिलिया मोहल्ले में एक साथ तीन विकास योजनाओं के लिए पुनः निविदा आमंत्रित की गई है। इन योजनाओं में सामुदायिक भवन का निर्माण तथा दो पार्कों से जुड़ी विकास एवं सौंदर्यीकरण योजनाएं शामिल हैं।
महापौर ने बताया कि नगर निगम की ओर से दोबारा जारी निविदा आमंत्रण सूचना में डबल बीड प्रणाली के तहत इन तीनों योजनाओं के लिए निविदा आमंत्रित की गई है। 3 अगस्त 2026 को जारी निविदा सूचना के अनुसार इच्छुक संवेदक 21 अगस्त से 10 सितंबर 2026 के अपराह्न 3 बजे तक ई-प्रोक्योरमेंट वेबसाइट से परिमाण विपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। निविदा अपलोड करने की अंतिम तिथि भी 10 सितंबर निर्धारित की गई है, जबकि तकनीकी बीड 11 सितंबर को खोली जाएगी।
तीन योजनाओं पर होगा काम
नगर निगम बोर्ड से पारित प्रस्ताव के आधार पर झिलिया मोहल्ले के चतुर्दिक विकास और जन सुविधाओं के विस्तार पर विशेष फोकस किया गया है।
सामुदायिक भवन का निर्माण: झिलिया मोहल्ले में अत्याधुनिक कम्युनिटी हॉल का निर्माण 68 लाख 29 हजार 127 रुपये की प्राक्कलित राशि से कराया जाएगा। स्थानीय लोगों की ओर से लंबे समय से सामुदायिक भवन की मांग की जा रही थी।
मौजूदा पार्क का सौंदर्यीकरण: झिलिया के मौजूदा पार्क के सौंदर्यीकरण पर 44 लाख 77 हजार 244 रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें बेंच, लाइट, ग्रीन लैंडस्केपिंग और बच्चों के लिए आधुनिक झूले सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
नए पार्क का निर्माण: झिलिया में एक नए पार्क का निर्माण 69 लाख 41 हजार 674 रुपये की प्राक्कलित राशि से कराया जाएगा।
महापौर ने बताया कि तीनों योजनाओं की कुल प्राक्कलित लागत 1 करोड़ 82 लाख 48 हजार 45 रुपये है। उन्होंने इसे झिलिया मोहल्ले के विकास के लिए अब तक की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक बताया। तीनों योजनाओं को पूरा करने के लिए तीन महीने की कार्यावधि निर्धारित की गई है।
महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम की ओर से पहली बार जारी निविदा में संवेदकों की कम भागीदारी के कारण इसे दोबारा आमंत्रित किया गया है। इसी क्रम में 24 अगस्त को प्री-बीड मीटिंग भी आयोजित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक इच्छुक संवेदक निविदा प्रक्रिया में भाग ले सकें।
नगर निगम के इस निर्णय से झिलिया मोहल्ले के लोगों में खुशी है। महापौर ने कहा कि यदि निर्धारित समय के अनुसार कार्य पूरा हुआ तो झिलिया मोहल्ला पूरे नगर निगम क्षेत्र में ऐसा पहला वार्ड होगा, जहां एक साथ सामुदायिक भवन और दो व्यवस्थित पार्क की सुविधा उपलब्ध होगी।