Bihar News : राजापाकर में वृक्षारोपण अभियान, ग्रामीणों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
संवाददाता राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
‘वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ’ अभियान के तहत राजापाकर उत्तरी पंचायत के भाथादासी ग्राम स्थित सामुदायिक भवन परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनजीवन हरियाली के प्रखंड ब्रांड एंबेसडर महेंद्र राय, मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पटेल एवं वार्ड सदस्य जगन्नाथ राय ने परिसर में विभिन्न प्रकार के फलदार, फूलदार एवं छायादार पौधे लगाए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को वृक्षारोपण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। वृक्षारोपण से पर्यावरण शुद्ध होता है और आसपास हरियाली बनी रहती है। बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय असंतुलन को कम करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर एवं आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।

ग्रामीणों से अपील की गई कि वे स्वयं पौधे लगाएं और दूसरे को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करें। वक्ताओं ने कहा कि घर में किसी शुभ कार्य के अवलोगोंसर पर एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि सागवान, सखुआ, शीशम सहित कई उपयोगी वृक्ष लगाने से भविष्य में पर्यावरणीय लाभ के साथ आर्थिक लाभ भी प्राप्त किया जा सकता है। पेड़-पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संपदा के रूप में काम करेंगे।
वहीं मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पटेल ने कहा कि मनरेगा योजना के तहत इच्छुक लोगों के लिए नि:शुल्क पौधारोपण की व्यवस्था की जाती है। जो लोग अपने निजी या आसपास के क्षेत्र में वृक्ष लगाना चाहते हैं, उनके लिए मनरेगा योजना के माध्यम से पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पौधों की देखभाल के लिए एक मजदूर की व्यवस्था तथा सिंचाई के लिए चापाकल की सुविधा भी उपलब्ध कराने का प्रावधान है।

कार्यक्रम के दौरान लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।