Bihar News :पश्चिम चंपारण में भीषण बाढ़ अप्रत्याशित, सरकार राहत कार्य में जुटी: सांसद संजय जायसवाल

IMG-20261003-WA0027
Share News

संवाददाता मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।

पश्चिम चंपारण में इस बार आई भीषण बाढ़ को अप्रत्याशित बताते हुए पश्चिम चंपारण के भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि नेपाल और बिहार में लगातार हुई भारी बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर बढ़ा और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि इस बाढ़ से जिले के कई प्रखंडों में व्यापक नुकसान हुआ है।

सांसद ने बताया कि करीब एक माह पूर्व नेपाल की त्रिशूली नदी में आई भीषण बाढ़ के कारण नेपाल में कई बांध क्षतिग्रस्त हुए थे। इसके बाद पिछले तीन दिनों से नेपाल और बिहार में लगातार हुई भारी बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। गंडक नदी में आई बाढ़ के कारण वाल्मीकिनगर, योगापट्टी, बैरिया और नौतन प्रखंडों में लोगों को काफी नुकसान का सामना करना पड़ा है।

IMG 20261003 WA0026

उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण और स्थिति का आकलन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा भी किया गया है। बिहार सरकार और जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत एवं बचाव पहुंचाने के लिए पूरी तरह तत्पर है।

सांसद के अनुसार, बाढ़ पीड़ितों के लिए सामूहिक भोजन, सूखा राशन तथा अन्य आवश्यक जीवनोपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की योजना पर निर्णय ले सकती है।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि जिन किसानों की फसल बाढ़ के कारण पूरी तरह बर्बाद हुई है, उन्हें भी मुआवजा देने को लेकर सरकार जल्द फैसला लेगी। उन्होंने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त चंपारण तटबंध की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है और इसे शीघ्र पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मौके पर नौतन विधायक नारायण प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Trending News