Bihar News: दयालपुर कॉलेज में गांधी जयंती पर गांधी की विचारधारा पर संगोष्ठी

IMG-20261003-WA0022
Share News

संवाददाता राजेन्द्र कुमार
दयालपुर, वैशाली।

ब्रज मोहन दास महाविद्यालय, दयालपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से गांधी की विचारधारा विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक प्राध्यापक प्रो. सुशील कुमार ने की, जबकि मंच संचालन प्रो. रवि रंजन कुमार ने किया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. अभिरंजन कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। सत्य और अहिंसा को जीवन में अपनाकर मानव जीवन को सरल और सहज बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को दूसरों के साथ वही व्यवहार करना चाहिए, जिसकी अपेक्षा वह अपने लिए करता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब दुनिया के विभिन्न हिस्सों में संघर्ष और युद्ध की स्थिति बनी हुई है, ऐसे समय में गांधी के सत्य, अहिंसा और शांति के विचार महत्वपूर्ण हैं। समाज में शांति और सद्भाव कायम करने के लिए गांधी के बताए मार्ग का अनुसरण किया जाना चाहिए।

IMG 20261003 WA0022

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रो. सुशील कुमार ने कहा कि गांधी किसी एक देश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके विचार संपूर्ण विश्व के मानव समाज के लिए हैं। उन्होंने कहा कि शांति और सद्भावना के माध्यम से ही मानव जीवन के दुखों को कम किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की गलती को क्षमा करना कमजोरी नहीं, बल्कि मनुष्य की मजबूती का परिचायक है। गांधी का विचार था कि पूरी दुनिया एक परिवार है। इसलिए लोगों को जाति, धर्म, रंग और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता और देश की सेवा करनी चाहिए।

संगोष्ठी के दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी महात्मा गांधी के जीवन, उनके विचारों और सत्य-अहिंसा के सिद्धांतों पर अपने विचार व्यक्त किए। छात्र चंदन कुमार सहित अन्य विद्यार्थियों ने गांधी के विचारों को वर्तमान समाज के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. पुष्पा कुमारी ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। संगोष्ठी में महाविद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

Trending News