Etawah News: सेंगर नदी पार करते समय 75 वर्षीय बुजुर्ग की डूबने से मौत, बचाने के लिए ग्रामीणों ने लगाई छलांग

WhatsApp Image 2026-09-23 at 10.07.45 PM
Share News

संवाददाता: विशाल बाबू

इटावा। थाना बसरेहर क्षेत्र के ग्राम नवाबपुर में खेतों पर काम करने जाते समय सेंगर नदी पार कर रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग की डूबने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बुजुर्ग को बचाने के लिए नदी में उतरकर हरसंभव प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

मृतक की पहचान सूबेदार सिंह जाटव (75), पुत्र मथुरा प्रसाद, निवासी ग्राम नवाबपुर, थाना बसरेहर, जिला इटावा के रूप में हुई है। बताया गया कि सूबेदार सिंह खेतों पर काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सेंगर नदी पार करते समय अचानक वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उतरकर उनकी तलाश शुरू की। कई ग्रामीणों ने नदी में कूदकर बुजुर्ग को बचाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल समेत कई लोग भी मौके पर पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना बसरेहर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर ली है। थानाध्यक्ष बलराज सिंह भाटी के नेतृत्व में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मृतक के दो पुत्र मनोज कुमार और शिशुपाल सिंह हैं। पिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

Trending News