Bihar News: तिरंगा केवल तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि हमारे स्वाभिमान, बलिदान और एकता का प्रतीक : गरिमा
संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को बेतिया में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। नगर निगम बेतिया की महापौर गरिमा देवी सिकारिया के नेतृत्व में सैकड़ों महिला-पुरुषों ने हाथों में तिरंगा लेकर भव्य जागरूकता मार्च निकाला।

चंपारण सत्याग्रह की स्मृतियों से जुड़े हजारीमल धर्मशाला परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 17, 14 और 18 के विभिन्न मोहल्लों से होकर गुजरी और शहीद स्मारक पहुंची। यात्रा में सिटी मैनेजर अभिषेक कुमार, सहायक अभियंता कृष्णा कुमार सहित नगर निगम के दर्जनों कर्मी और सैकड़ों आम नागरिक शामिल हुए।
महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि शुक्रवार की सुबह नगर निगम परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। ‘भारत माता की जय’ और ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ के उद्घोष के साथ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए लाल बाजार और मीना बाजार के व्यस्त इलाकों से गुजरी।
तिरंगा यात्रा के दौरान बाजार में मौजूद दुकानदारों और आम नागरिकों ने भी यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। कई लोग उत्साह के साथ स्वतः ही जुलूस में शामिल हो गए।
यात्रा का समापन शहीदों की स्मृति को समर्पित शहीद स्मारक पार्क में हुआ। यहां शहीदों को नमन करने के बाद महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
महापौर ने कहा, “तिरंगा केवल तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि हमारे स्वाभिमान, बलिदान और एकता का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का आह्वान है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के हर घर पर तिरंगा लहराए, ताकि नई पीढ़ी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद रख सके।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाएं।
इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, वार्ड पार्षद, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।