आजमगढ़ न्यूज: बिजली के इंतजार में कंपोजिट स्कूल अनंतपुर, आईसीटी लैब के कंप्यूटर बने शोपीस

IMG-20260708-WA0025
Share News

संवाददाता : नूर मोहम्मद

आजमगढ़ उत्तर प्रदेश

अतरौलिया (आजमगढ़)। अतरौलिया विकासखंड के शिक्षा क्षेत्र स्थित कंपोजिट विद्यालय अनंतपुर आज भी बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित है। विद्यालय परिसर में अब तक विद्युत पोल एवं विद्युत कनेक्शन उपलब्ध न होने के कारण बच्चों और शिक्षकों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

IMG 20260708 WA0019

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्रीभगवान त्रिपाठी ने बताया कि विद्यालय में आईसीटी (ICT) लैब के अंतर्गत कंप्यूटर उपलब्ध हैं, लेकिन बिजली के अभाव में उनका उपयोग संभव नहीं हो पा रहा है। भीषण गर्मी के दौरान बिना बिजली और पंखों के शिक्षण कार्य भी प्रभावित होता है।

IMG 20260708 WA0024

उन्होंने बताया कि विद्यालय में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को कई बार पत्राचार एवं अनुरोध किया जा चुका है। बिजली विभाग द्वारा लगभग ₹1.91 लाख का प्राक्कलन (Estimate) तैयार कर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय को भेजा गया है, किंतु अभी तक कनेक्शन स्वीकृत नहीं हो सका है।

विद्यालय प्रशासन का कहना है कि बिजली उपलब्ध न होने से सरकार की डिजिटल शिक्षा संबंधी योजनाओं का अपेक्षित लाभ विद्यार्थियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। आईसीटी लैब में रखे कंप्यूटर उपयोग के अभाव में निष्क्रिय पड़े हैं।

विद्यालय परिवार ने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं विद्युत विभाग से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर विद्यालय में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि छात्र-छात्राओं को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Trending News