Bihar News: बेतिया में पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम का औचक निरीक्षण, यातायात व्यवस्था सुधारने के दिए सख्त निर्देश

IMG-20260703-WA0025
Share News

बेतिया, पश्चिमी चंपारण 

संवाददाता: मोहन सिंह

पश्चिम चंपारण के पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने गुरुवार को बेतिया शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात एवं विधि-व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति, यातायात संचालन, सड़क सुरक्षा तथा आमजन की सुविधाओं का गहन जायजा लिया।

IMG 20260703 WA0025 scaled

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों से भी ट्रैफिक व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था को लेकर बातचीत की और उनकी समस्याओं व सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने, पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ यातायात संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए तथा आम नागरिकों के साथ विनम्र और सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखा जाए।
उन्होंने विशेष रूप से व्यस्त चौक-चौराहों पर सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने, जाम की समस्या रोकने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को बढ़ावा देने तथा नो-पार्किंग और अन्य यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया।

पश्चिम चंपारण पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा सड़क पर अनुशासन बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

पश्चिम चंपारण पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Trending News