Bihar News: राजापाकर प्रखंड कार्यालय में जनता दरबार आयोजित, नल-जल और आवास योजना से जुड़ी शिकायतों का हुआ समाधान

IMG-20260601-WA0055
Share News

संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
स्थान: राजापाकर, वैशाली (बिहार)

राजापाकर प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें आम जनता की विभिन्न समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए गए। जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

IMG 20260601 WA0055

इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि प्राप्त अधिकांश शिकायतें नल-जल योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित थीं। सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया है।

बीडीओ ने बताया कि 2 जून को प्रखंड क्षेत्र की रामपुर रत्नाकर उर्फ सरसई पंचायत स्थित राजकीय मध्य विद्यालय फतेहपुर फुलवरिया तथा मीरपुर पतार पंचायत स्थित करणपुरा हाई स्कूल परिसर में विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर में पहुंचकर आवेदन प्रस्तुत करें। शिविर में सभी विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहेंगे और प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। अगले शिविर में आवेदकों को उनकी शिकायतों के निस्तारण की जानकारी भी दी जाएगी।

प्रखंड प्रशासन की ओर से सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मियों को समय पर शिविर में उपस्थित रहने तथा आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। शिविर में विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी लोगों की समस्याएं सुनेंगे और आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।

Trending News