Bihar News :वैशाली में 6 माह से पेंशन नहीं मिलने पर ग्रामीण बैंक के पेंशनधारियों में आक्रोश, समाधान का इंतजार
संवाददाता: राजेंद्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
बिहार के वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के खाताधारक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी पिछले पांच से छह माह से पेंशन की राशि नहीं मिलने से परेशान हैं। लंबे समय से पेंशन का भुगतान नहीं होने के कारण वृद्ध महिला-पुरुषों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पेंशनधारियों का कहना है कि बैंक खाते में पेंशन की राशि नहीं आने से उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।
ग्रामीण बैंक के पेंशनधारी सबसे ज्यादा परेशान
जानकारी के अनुसार, राजापाकर प्रखंड क्षेत्र में पहले ग्रामीण बैंक की एक ही प्रमुख शाखा होने के कारण बड़ी संख्या में पेंशनधारियों ने इसी बैंक में अपने खाते खुलवाए थे। बाद में ग्रामीण बैंक का एकीकरण कर उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक बनाया गया। इसके साथ ही बैंक के लीड बैंक में भी बदलाव हुआ। पेंशनधारियों का कहना है कि इसके बाद से ही पेंशन भुगतान में परेशानी आने लगी है।

ग्रामीणों के मुताबिक, यह समस्या मुख्य रूप से उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के खाताधारकों के सामने आ रही है, जबकि अन्य बैंकों के खातों में पेंशन की राशि नियमित रूप से पहुंच रही है। कई पेंशनधारियों को पांच से छह महीने से राशि नहीं मिलने के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एनपीसीआई से जुड़ी समस्या बता रहा बैंक प्रबंधन
इस संबंध में उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक की राजापाकर शाखा के शाखा प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि पेंशनधारियों की अधिकांश शिकायतें एनपीसीआई (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) से संबंधित हैं। बैंक की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर दी जाती है, लेकिन कई मामलों में एनपीसीआई से संबंधित जानकारी साइबर कैफे में या पेंशनधारियों के लॉगिन पर दिखाई नहीं देती है। इस वजह से पेंशन भुगतान में परेशानी हो रही है।
उन्होंने बताया कि इस समस्या से बैंक के उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही इसका समाधान कर पेंशनधारियों को राहत मिलेगी।
बीडीओ ने भी माना, ग्रामीण बैंक के खाताधारकों को हो रही परेशानी
राजापाकर के प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि पेंशन नहीं मिलने से संबंधित कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतें मुख्य रूप से ग्रामीण बैंक के खाताधारकों से जुड़ी हैं। इस संबंध में ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक से बातचीत कर समस्या का शीघ्र समाधान करने को कहा गया है।
विधायक ने जिलाधिकारी को लिखा पत्र
वहीं, स्थानीय विधायक महेंद्र राम ने भी पेंशनधारियों की समस्या को गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में ग्रामीण बैंक के पेंशनधारियों को इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि अन्य बैंकों में पेंशन की राशि समय पर मिल रही है।
विधायक ने बताया कि इस मामले में वैशाली के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर समस्या के समाधान की मांग की गई है। उन्होंने पेंशनधारियों को जल्द राहत दिलाने की बात कही है।
90 वर्षीय वृद्धा को भी पांच महीने से नहीं मिली पेंशन
पेंशन भुगतान में हो रही देरी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राजापाकर क्षेत्र की 90 वर्षीय राजवंशी देवी, पति स्वर्गीय चंद्रिका प्रसाद राय, को भी पिछले पांच महीने से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिली है। बताया गया कि उन्हें पहले नियमित रूप से पेंशन की राशि मिलती थी, लेकिन अब बैंक में एनपीसीआई से संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद राशि खाते में नहीं पहुंच रही है।
इसी तरह राजापाकर बाजार निवासी श्याम नंदन शर्मा ने बताया कि उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक में खाता होने के कारण उन्हें पिछले छह महीने से पेंशन की राशि नहीं मिल रही है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों की सलाह पर उन्होंने डाकघर में भी खाता खुलवाया है। अब उन्हें 10 नवंबर को पेंशन की राशि आने का इंतजार है।
पेंशनधारियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद
प्रखंड क्षेत्र में ऐसे अनेक महिला और पुरुष पेंशनधारी हैं, जो महीनों से अपनी पेंशन की राशि मिलने का इंतजार कर रहे हैं। पेंशनधारियों का कहना है कि वृद्धावस्था में दवाइयों, भोजन और अन्य जरूरी खर्चों के लिए उन्हें पेंशन पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में लगातार कई महीनों तक राशि नहीं मिलना उनके लिए बड़ी परेशानी बन गया है।
अब पेंशनधारियों की निगाहें बैंक प्रबंधन और प्रशासन पर टिकी हैं।
लोगों को उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी एनपीसीआई और भुगतान से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराएंगे, ताकि लंबे समय से लंबित पेंशन की राशि उन्हें मिल सके।