Agra News : आगरा में 25 सितंबर को होगा ‘वंदे मातरम्’ सामूहिक गान, 1.51 लाख लोगों के शामिल होने का लक्ष्य
आगरा। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के आह्वान पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगरा में 25 सितंबर 2026 को ‘एक समय, एक लय, एक स्वर में वंदे मातरम्’ सामूहिक गान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित समय पर विद्यार्थी, शिक्षक और समाज के लोग एक साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन करेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बालकेश्वर, आगरा में 25 सितंबर को प्रातः 11 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षकगण के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रहेगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री राकेश गर्ग की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
आयोजकों के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, भारतीय संस्कृति और देश के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है। इसके साथ ही नई पीढ़ी को वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व तथा भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में इसके योगदान से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
1 लाख 51 हजार लोगों के सामूहिक गायन का लक्ष्य
आयोजकों ने बताया कि आगरा में इस अभियान के तहत 1 लाख 51 हजार देशभक्त नागरिकों द्वारा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन का लक्ष्य रखा गया है। इसमें छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक, पूर्व छात्र और समाज के गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। निर्धारित समय पर अलग-अलग स्थानों पर एक साथ गायन होने से आगरा महानगर में राष्ट्रगीत की गूंज सुनाई देने का लक्ष्य है।
59 विद्यालय होंगे सहभागी

इस आयोजन में आगरा के विद्या भारती के 34 विद्यालयों के साथ-साथ 25 अन्य विद्यालयों के भी सहभागी होने की जानकारी दी गई है। इनमें Prelude Public School, Sumit Rahul Goel School, Gaytri Public School, GD Goenka, Agra Public School और All Saint सहित अन्य विद्यालय शामिल हैं।
आयोजकों के मुताबिक सभी सहभागी विद्यालयों में निर्धारित समय पर विद्यार्थी और शिक्षक ‘एक समय, एक लय और एक स्वर’ में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन करेंगे।
स्वतंत्रता आंदोलन में रहा महत्वपूर्ण योगदान
आयोजकों ने बताया कि वंदे मातरम् की रचना बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने की थी। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इस गीत ने राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके 150 वर्ष पूर्ण होने का अवसर भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
प्रेस वार्ता में आयोजकों ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों और समाज को वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व से परिचित कराने के साथ राष्ट्रीय चेतना, सांस्कृतिक विरासत और स्वतंत्रता आंदोलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
पत्रकारों से कार्यक्रम के प्रसारण की अपील
कार्यक्रम को लेकर गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बालकेश्वर में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने मीडिया प्रतिनिधियों और छायाकारों से कार्यक्रम में उपस्थित रहने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों, समाचार चैनलों और डिजिटल माध्यमों के जरिए कार्यक्रम की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश समाज तक पहुंच सके।
कार्यक्रम विवरण:
कार्यक्रम: वंदे मातरम् सामूहिक गान
दिनांक: 25 सितंबर 2026
समय: प्रातः 11:00 बजे
स्थान: गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बालकेश्वर, आगरा
आयोजक: गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बालकेश्वर, आगरा
प्रेरणा: विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान
“वंदे मातरम् – राष्ट्र की आत्मा, हमारी प्रेरणा”