बिहार न्यूज: जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में वैशाली में एलपीजी आपूर्ति पूरी तरह नियंत्रण में, कालाबाजारी पर प्रशासन की सख्त निगरानी

Share News

वैशाली में एलपीजी आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, कालाबाजारी रोकने के लिए जिला प्रशासन की सख्त निगरानी

IMG-20260804-WA0002
Share News

संवाददाता : राजेन्द्र कुमार

हाजीपुर, वैशाली।

जिला पदाधिकारी वैशाली, श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देश पर जिले में एलपीजी की निर्बाध, पारदर्शी एवं सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है। जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा जारी अद्यतन रिपोर्ट के अनुसार जिले में एलपीजी की उपलब्धता संतोषजनक है तथा आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक उपाय प्रभावी रूप से लागू किए गए हैं।

IMG 20260804 WA0002

जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 67 गैस एजेंसियां संचालित हैं। इनके माध्यम से 8,06,738 घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की आपूर्ति की जा रही है। 3 अगस्त 2026 तक एजेंसियों के पास 16,051 एलपीजी सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध था, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार शहरी क्षेत्रों में अंतिम गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग की व्यवस्था लागू की गई है। इसका उद्देश्य अनावश्यक बुकिंग पर नियंत्रण रखते हुए सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना है।

एलपीजी की जमाखोरी एवं कालाबाजारी रोकने के लिए सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के अधिकारी नियमित रूप से गैस एजेंसियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रहे हैं। अब तक जमाखोरी एवं कालाबाजारी के मामलों में तीन प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं, जिससे प्रशासन की सख्ती स्पष्ट होती है।

जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से नगर परिषद क्षेत्र में उपभोक्ताओं को पीएनजी (PNG) कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 4 अगस्त को छह गैस एजेंसियों एवं अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

जिला पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे अपने कार्यालय के बाहर प्रतिदिन यह स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें कि किस तिथि की बुकिंग पर गैस वितरित की जा रही है, आगामी दिनों में किस तिथि तक वितरण होगा तथा उपलब्ध स्टॉक की अद्यतन जानकारी भी प्रदर्शित करें, ताकि उपभोक्ताओं को पूरी पारदर्शिता के साथ आवश्यक जानकारी प्राप्त हो सके।

आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय है। अब तक प्राप्त 1,280 शिकायतों में से 1,277 का त्वरित निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष शिकायतों का भी शीघ्र समाधान किया जा रहा है।

एलपीजी आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या अथवा सूचना के लिए उपभोक्ता जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06224-260233 एवं 06224-260234 पर संपर्क कर सकते हैं।

You may have missed