संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
हाजीपुर, वैशाली।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार, पटना द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी 17 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले “Regional Conference on ELC and ECINET” तथा “Interaction with BLOs” कार्यक्रम की तैयारियों एवं सफल आयोजन की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार के निर्देशों के आलोक में जिला पदाधिकारी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी, अनुमंडल निर्वाचन पदाधिकारी, हाजीपुर तथा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (Electoral Registration Officers-EROs) को निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा 17 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं।
जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों (कक्षा 9 से 12 तक) तथा महाविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club-ELC) का गठन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों में मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया, संवैधानिक मूल्यों तथा लोकतांत्रिक दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित की जाएगी।
उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में शिक्षा विभाग एवं संबंधित शिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्वाचन साक्षरता क्लबों का शीघ्र गठन सुनिश्चित करने तथा क्लबों के माध्यम से मतदाता जागरूकता, निर्वाचन साक्षरता एवं लोकतांत्रिक सहभागिता से संबंधित नियमित गतिविधियों के संचालन का निर्देश दिया।
बैठक में ईसीआईनेट (ECINET) के प्रभावी उपयोग को और सशक्त बनाने तथा बूथ स्तर के पदाधिकारियों (Booth Level Officers-BLOs) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सहभागी एवं तकनीक-सक्षम बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता, पारदर्शिता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।