Bihar News: मॉनसून और गंगा-गंडक के बढ़ते जलस्तर को लेकर वैशाली जिला प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश

Share News

वैशाली में गंगा और गंडक नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट है। डीएम वर्षा सिंह ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और राहत-बचाव की तैयारी के निर्देश दिए।

IMG-20260720-WA0038
Share News

संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
हाजीपुर, वैशाली।

लगातार हो रही मानसूनी वर्षा तथा नेपाल एवं जलग्रहण क्षेत्रों से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा और गंडक नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। इसे देखते हुए वैशाली की जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने जिले के सभी संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता बरतने तथा किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

IMG 20260720 WA0038

जिला पदाधिकारी ने हाजीपुर, महुआ और महनार अनुमंडल के सभी अंचलाधिकारियों, बाढ़ नियंत्रण विभाग, जल निकासी प्रमंडल, नगर निकायों, आपदा प्रबंधन शाखा तथा एसडीआरएफ की टीमों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। साथ ही तटबंधों की लगातार निगरानी, दियारा एवं निचले इलाकों की नियमित मॉनिटरिंग तथा संभावित प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने, राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की। उन्होंने लोगों से किसी भी आपदा संबंधी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया।

जिला प्रशासन द्वारा गंगा और गंडक नदियों के जलस्तर की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। सभी गेज स्टेशनों एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (कंट्रोल रूम) को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। आम नागरिक किसी भी प्रकार की आपदा अथवा सहायता के लिए 06224-260233 एवं 06224-260234 पर संपर्क कर सकते हैं।

Trending News