संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
हाजीपुर, वैशाली।
जिला पदाधिकारी एवं जिला गंगा समिति की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा सिंह की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, वैशाली की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नदी संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संतुलन और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने महनार एवं लालगंज में मोक्षधाम का निर्माण शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया, ताकि अंतिम संस्कार के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी दाह संस्कार स्थलों पर नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
मानसून के दौरान वृक्षारोपण अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डीएम ने सभी संबंधित विभागों एवं नगर निकायों को समयबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने वृक्षारोपण की नियमित निगरानी एवं प्रगति प्रतिवेदन जिला गंगा समिति को उपलब्ध कराने को भी कहा।
जिला पदाधिकारी ने शिक्षा विभाग के समन्वय से जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रत्येक शनिवार “नदी क्यों जरूरी है” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने का निर्देश दिया। साथ ही मेरा युवा भारत (MY Bharat) को भी नदी संरक्षण संबंधी जनजागरूकता अभियान निरंतर चलाने के निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग को निर्देशित किया गया कि विशेष रूप से धान रोपाई के मौसम में किसानों के बीच जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में नदी घाट विकास (RFD) की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) शीघ्र तैयार करने का निर्देश दिया गया। औद्योगिक कचरा प्रबंधन की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी औद्योगिक इकाई द्वारा कचरे का अनियमित निस्तारण नहीं किया जाएगा। ऐसा पाए जाने पर संबंधित इकाई के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खनन गतिविधियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि 15 अक्टूबर 2026 तक नदियों में खनन कार्य पूर्णतः बंद रहेगा तथा इसकी नियमित निगरानी खनन विभाग द्वारा की जाएगी। इसके अलावा गंगा नदी किनारे स्थित प्रखंडों, नगर निकायों एवं संबंधित विभागों के समन्वय से सघन वृक्षारोपण की कार्ययोजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में हाजीपुर में निर्माणाधीन मोक्षधाम के समीप ग्रीन बेल्ट विकसित करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थल की सुंदरता और उपयोगिता में वृद्धि हो सके।
बैठक में नोडल पदाधिकारी, जिला गंगा समिति सह नगर कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद हाजीपुर, खनिज विकास पदाधिकारी, डीपीओ (नमामि गंगे), नगर कार्यपालक पदाधिकारी महनार, महुआ, गोरौल एवं जंदाहा, परियोजना निदेशक बुडको सहित जिला गंगा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि नदी संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संवर्धन एवं जनहित से जुड़े कार्यों में अपेक्षित प्रगति प्राप्त हो सके।