संवाददाता मोहन सिंह
बेतिया/ पश्चिमी चंपारण।
पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कारतूस निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 500 से अधिक निर्मित एवं अर्धनिर्मित कारतूस, कारतूस बनाने की मशीन, गन पाउडर तथा अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में पहले मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ था, वहीं अब अवैध कारतूस निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया है। उन्होंने इसे हथियार तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता बताया।
एसपी ने बताया कि चकिया एवं पकड़ीदयाल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में विशेष रणनीति के तहत यह अभियान चलाया गया। अभियान में मेहसी थाना के थानाध्यक्ष सानु गौरव, जिला आसूचना इकाई के पुलिस अवर निरीक्षक (SI) कृष्ण मोहन तथा चकिया, मेहसी, मधुबन, गड़हिया और फेनहारा थानों की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक निर्मित एवं अर्धनिर्मित कारतूस के अलावा कारतूस बनाने वाली मशीन, धातु की शीट, भारी मात्रा में गन पाउडर तथा बम और कारतूस निर्माण में प्रयुक्त रसायन जैसे नाइट्रिक एसिड, रेड फॉस्फोरस, एसीटोन, चारकोल सहित अन्य सामग्री बरामद की।
पुलिस ने कारतूस खरीदकर आगे सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इस सफल और संवेदनशील अभियान को अंजाम देने वाली पुलिस टीम के उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए विभाग ने पूरी टीम को सम्मानित करने तथा 25 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है।