Bihar News: साठी थाना क्षेत्र में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग, ग्रामीणों में दहशत

IMG-20260607-WA0000
Share News

संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण

पश्चिम चंपारण जिले के साठी थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडे टोला में शनिवार देर रात अज्ञात हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीणों की नींद खुल गई और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

IMG 20260607 WA0000

स्थानीय लोगों के अनुसार दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवक गांव में पहुंचे और 5 से 6 राउंड फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही साठी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

बाद में डीएसपी एवं एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से चार खोखा बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

प्रारंभिक जांच में मामला एक पुराने वैवाहिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार चुन्नू पांडे और पूजा कुमारी के विवाह के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था, जिसे लेकर पूर्व में भी प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी संदिग्ध का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

Trending News