Bihar News: राजापाकर में राजद का धरना-प्रदर्शन, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाई आवाज
संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के आह्वान पर प्रखंड कार्यालय राजापाकर परिसर में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बदहाल शिक्षा व्यवस्था एवं ध्वस्त कानून-व्यवस्था के खिलाफ एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड राजद अध्यक्ष कैलाश राय ने की, जबकि संचालन प्रखंड प्रभारी सह राजद के वरिष्ठ नेता अशोक पासवान ने किया।

धरना-प्रदर्शन के दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं एवं कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। वक्ताओं ने कहा कि महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है। पेट्रोलियम उत्पादों, रसोई गैस तथा खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रही है।
धरना-प्रदर्शन के उपरांत राजद के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। बीडीओ की अनुपस्थिति में ज्ञापन प्रखंड के प्रधान सहायक को दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल में राजद के प्रदेश सचिव तपसी प्रसाद सिंह, प्रखंड प्रभारी अशोक पासवान, प्रखंड राजद उपाध्यक्ष अनिल यादव, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष शंभू राय तथा अनिल सिंह शामिल थे।
ज्ञापन में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली तथा पेपर लीक जैसी समस्याओं का उल्लेख करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार से इन मुद्दों के समाधान की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो राष्ट्रीय जनता दल आंदोलन को और व्यापक रूप देगा।
इस अवसर पर रामेश्वर राय, सतीश कुमार, पंकज कुमार, अनिल राय, शंभू राय, रणजीत कुमार, अवधेश राय, रणबीर कुमार सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।