Bihar News: शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गंगाजल से किया जलाभिषेक

Share News

गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, मंदिरों में भक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भक्तिमय हुआ माहौल

IMG-20260810-WA0043
Share News

संवाददाता: राजेन्द्र कुमार

राजापाकर, वैशाली।

प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में स्थित शिवालयों में श्रावण मास की दूसरी सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल, बेलपत्र, फूल और फल आदि अर्पित कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

IMG 20260810 WA0043 scaled

सोमवारी के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने भी व्रत रखा। श्रद्धालुओं ने उपवास कर अपने आसपास स्थित शिव मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना की।

राजापाकर बाजार स्थित नवर्देश्वर स्थान मंदिर में भी बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु पहुंचे। बाजार के दर्जनों श्रद्धालु हाजीपुर के कौनहारा घाट से गंगाजल लेकर गाजे-बाजे और बैंड के साथ राजापाकर बाजार पहुंचे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाजार के विभिन्न चौक-चौराहों का भ्रमण करते हुए मंदिर परिसर में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

सोमवारी के अवसर पर विभिन्न शिवालयों में भक्ति गीतों और धार्मिक जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। वहीं, रात में कई शिव मंदिरों को रंग-बिरंगी बिजली की झालरों और छोटे-छोटे बल्बों से आकर्षक ढंग से सजाया गया।

विभिन्न मंदिरों में रात्रि के समय भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम देखने और भगवान शिव के दर्शन के लिए महिला, पुरुष और बच्चों की बड़ी संख्या में भीड़ जुटी रही। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

Trending News