संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
राजापाकर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के पंचायत भवन, पंचायत सरकार भवन एवं सामुदायिक भवनों में महीने के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम सभाओं में पंचायत विकास, महिला सशक्तिकरण तथा जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

राजापाकर उत्तरी पंचायत के पंचायत भवन परिसर में मुखिया सरिता पटेल की अध्यक्षता में पंचायत विकास दिवस का आयोजन हुआ। बैठक में पंचायत के सभी वार्ड सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्राम सभा का मुख्य विषय महिला सशक्तिकरण रहा। महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए विभिन्न योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पंचायत के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंचायत क्षेत्र में महिला भवन के निर्माण का भी प्रस्ताव लिया गया, जहां महिलाएं नियमित रूप से बैठक कर अपनी समस्याओं एवं सुझावों का आदान-प्रदान कर सकेंगी। ग्राम सभा में महिला अनुदेशकों के लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने का भी प्रस्ताव पारित किया गया।
इस अवसर पर सरिता कुमारी, पार्वती देवी, कृष्णा देवी, सुनीता कुमारी, गौरी देवी, मुकेश पटेल, अजीत कुमार, उमा देवी, सुषमा देवी, विनोद कुमार, बेला राय, उमेश कुमार, जमुना राय सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
वहीं राजापाकर दक्षिणी पंचायत के पंचायत भवन परिसर में मुखिया प्रमिला देवी की अध्यक्षता में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, वार्ड सदस्यों, पंचायत कर्मियों तथा ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठक में पंचायत के समग्र विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई। सभी वार्डों से आए वार्ड सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की विकास योजनाओं को ग्राम सभा में प्रस्तुत किया, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। मुखिया प्रमिला देवी ने सभी स्वीकृत योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में पंचायत सचिव ऋतुराज सहित सुनील कुमार, शिव कुमार, राजीव कुमार, रंजीत कुमार, निर्मला कुमारी, सुमन कुमारी, आशा देवी, गुंजा देवी, पुनीत पासवान, विनोद राम तथा अन्य पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।