Agra News : महाड़ क्रांति धम्म संदेश यात्रा की 26 अगस्त से कुशीनगर से होगी शुरुआत
महाड़ क्रांति धम्म संदेश यात्रा की 26 अगस्त से कुशीनगर से होगी शुरुआत
10 राज्यों के करीब 100 शहरों में 100 बैठकें करेगी यात्रा, 20 मार्च 2027 को महाड़ के चोबदार तालाब पर होगा समापन
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा किए गए ऐतिहासिक महाड़ सत्याग्रह के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में बौद्धों के राष्ट्रीय संगठन ‘धम्मभूमि श्रेष्ठ जीवन के लिए’ द्वारा ‘महाड़ क्रांति धम्म संदेश यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा की शुरुआत 26 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से होगी।
संगठन के राष्ट्रीय महासचिव हरी गौतम विमल ने बताया कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में 19 और 20 मार्च 1927 को महाराष्ट्र के तत्कालीन कोलाबा जिले के महाड़ गांव स्थित चोबदार तालाब से अछूतों को पानी लेने का अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक सत्याग्रह किया गया था। इस ऐतिहासिक आंदोलन के 100 वर्ष 20 मार्च 2027 को पूरे हो रहे हैं।

इसी ऐतिहासिक घटना और बाबा साहब के विचारों को देश की जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह धम्म संदेश यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा 10 राज्यों के लगभग 100 शहरों से होकर गुजरेगी और इस दौरान करीब 100 बैठकें आयोजित की जाएंगी।
यात्रा लगभग 10 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसका समापन 20 मार्च 2027 को महाराष्ट्र के महाड़ स्थित चोबदार तालाब पर किया जाएगा।
यात्रा के दौरान विभिन्न शहरों में आयोजित बैठकों के माध्यम से लोगों को महाड़ सत्याग्रह के पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बाबा साहब डॉ. आंबेडकर द्वारा सत्याग्रह के दौरान दिए गए भाषणों और उनके विचारों से भी लोगों को अवगत कराया जाएगा।
संगठन की ओर से यात्रा के दौरान बुकलेट और पंपलेट का वितरण भी किया जाएगा, जिनमें महाड़ सत्याग्रह से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां और बाबा साहब के संदेश शामिल होंगे।
संगठन के राष्ट्रीय महासचिव हरी गौतम विमल इस यात्रा का नेतृत्व करेंगे। आयोजकों का कहना है कि यात्रा का उद्देश्य महाड़ सत्याग्रह के इतिहास, सामाजिक समानता, मानवाधिकार और बाबा साहब के विचारों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
20 मार्च 2027 को महाड़ के चोबदार तालाब पर यात्रा के समापन के साथ महाड़ सत्याग्रह के 100 वर्ष पूरे होने का स्मरण किया जाएगा।