Agra News :चित्रकला के रंग कान्हा जी के संग: आगरा में 5 स्कूलों के 57 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

IMG-20260823-WA0121
Share News

आगरा। संस्कार भारती आगरा महानगर और मां आलय के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मां आलय के कार्यालय, चीनी का रोजा, यमुना ब्रिज पर ‘चित्रकला के रंग कान्हा जी के संग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पांच विद्यालयों के 57 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विभिन्न रंग माध्यमों का प्रयोग करते हुए भगवान श्रीकृष्ण और कान्हा से जुड़े मनोहारी चित्रों का सृजन किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संस्कार भारती की प्रांतीय संरक्षक एवं मंगलायतन यूनिवर्सिटी की पूर्व कुलपति प्रो. चित्रलेखा सिंह ने कहा कि चित्रकला बच्चों की सृजनशीलता को सामने लाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि कला के माध्यम से मन की भावनाओं को अभिव्यक्ति मिलती है और मानसिक तनाव एवं अवसाद को दूर करने में भी सहायता मिलती है।

IMG 20260823 WA0121

संस्कार भारती की प्रांतीय संरक्षक एवं ललित कला संस्थान, आगरा की पूर्व निदेशक डॉ. सरोज भार्गव ने कहा कि चित्रकला के साधक की कल्पनाशीलता निरंतर विस्तृत होती जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों की कला प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें अपनी रचनात्मकता को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

ललित कला संस्थान, आगरा के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि रंगों की दुनिया अनंत, असीमित और बेहद हृदयस्पर्शी होती है। रंगों के माध्यम से कलाकार अपनी भावनाओं और कल्पनाओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त करता है।
संस्कार भारती की प्रांतीय संरक्षक एवं बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय की पूर्व चित्रकला विभागाध्यक्ष डॉ. साधना सिंह ने कहा कि चित्रकला मानव जीवन की पहली कलासाधना है। गुफा जीवन के युग से ही मनुष्य चित्रों के माध्यम से अपनी भावनाओं और अनुभवों को अभिव्यक्त करता आया है।

कार्यक्रम की संयोजक, चित्रकार एवं मां आलय की संस्थापक अध्यक्ष राधा मुकुल गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में पांच विद्यालयों के 57 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंग माध्यमों का उपयोग करते हुए कान्हा से जुड़े चित्रों का निर्माण किया। प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए सभी को बहुरंगी एवं एक-एक गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कुमारी भावना ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। मंच संचालन संजीव दौनेरिया और इंजी. शुभम कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संस्कार भारती के महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने किया।

इस अवसर पर संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, ओम स्वरूप गर्ग, प्रख्यात चित्रकार विजय एम. ढोरे, अध्यापिका गीता सोनी, संजीव दौनेरिया, सुशील कुमार दौनेरिया, निशि दौनेरिया, नीनू गर्ग, अंकित, पायल दौनेरिया, प्रियंका, इंजीनियर शुभम कुमार सहित दौनेरिया परिवार के अनेक गणमान्य एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।