संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण
जिले के पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को वरिष्ठ पत्रकार मोहन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) में समाचार संकलन के लिए गए पत्रकारों के साथ मेडिकल कॉलेज के इंटर्न छात्रों द्वारा कथित दुर्व्यवहार एवं मारपीट की घटना की कड़ी निंदा करते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि चिकित्सकों को समाज में भगवान का दर्जा दिया जाता है, लेकिन जीएमसीएच में मरीजों, उनके परिजनों तथा अब पत्रकारों के साथ हो रही घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्रकारों के साथ मारपीट एवं मोबाइल छीनने जैसी घटनाएं संस्थान में व्याप्त अव्यवस्था और अराजक माहौल को दर्शाती हैं।
पत्रकारों ने कहा कि जीएमसीएच में इंटर्न छात्रों की मनमानी और अभद्र व्यवहार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन अस्पताल प्रशासन एवं जिला प्रशासन द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
बैठक में पत्रकार हितों से जुड़े कई प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें पत्रकारों के साथ हुई घटना की उच्चस्तरीय जांच, दोषी इंटर्न छात्रों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
पत्रकारों ने निर्णय लिया कि एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जिलाधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए समिति गठित करने की मांग करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पत्रकार चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
बैठक में सुधीर कुमार, सुनील आनंद, कृष्णकांत मिश्र, गणेश वर्मा, शकील अहमद, श्रीनिवास गौतम, रमेंद्र गौतम, सुमित कुमार, छोटेलाल भगत, कैलाश कुमार, जितेन्द्र कुमार, मुन्ना राज, अजय कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे।