Etawah News : संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

ChatGPT Image May 4, 2026, 03_49_54 PM
Share News

संवाददाता : विशाल बाबू
इटावा जनपद के थाना बसरेहर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चकवा खुर्द गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब रजनीश कुमार पुत्र जगराम सिंह यादव का शव गांव के पास स्थित एक कुएं में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। बताया गया कि रजनीश कुमार 28 अप्रैल से लापता थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन जब उनका कोई सुराग नहीं लगा तो 29 अप्रैल को मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी। इसके बाद 4 मई को तलाश के दौरान ग्रामीणों ने गांव निवासी राजवीर सिंह पुत्र माधव सिंह के खेत में स्थित कुएं में शव देखा।
WhatsApp Image 2026 05 04 at 3.44.42 PM

सूचना मिलते ही थाना बसरेहर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान रजनीश कुमार के रूप में होने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी नीतू को छोड़ गए हैं। उनके तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें 9 वर्षीय पुत्र अभि, 10 वर्षीय पुत्री रश्मि और 5 वर्षीय पुत्री प्राची शामिल हैं। घटना के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार गहरे सदमे में है।

परिजनों ने बताया कि फिलहाल उन्होंने किसी पर कोई संदेह व्यक्त नहीं किया है, लेकिन घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल बना हुआ है।

Trending News