Etawah News: साप्ताहिक बंदी में पुलिस ने दिखाई सख्ती

20210501_205313
Share News

जनवाद संवाददाता
इटावा : इटावा शहर सहित पूरे जनपद में शुक्रवार रात आठ बजे से 83 घंटे की बंदी शुरू हो गई है। मंगलवार की सुबह सात बजे तक न तो बाजार खुलेंगे और न ही शॉपिग मॉल दफ्तर, किराना की दुकानें इत्यादि खुलेंगी। सिर्फ मेडिकल स्टोर, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, दूध ब्रेड की दुकानें खोलने की इजाजत दी गई है। यहां तक कि शनिवार को फल वालों को भी ठेले पर फल बेचने की अनुमति नहीं दी गई। सुबह से ही स्टेशन बजरिया पर फल बेचने वालों पर पुलिस ने डंडा चलाना शुरू कर दिया था, जिसकी जो दुकानें खुली हुई थीं वह भी बंद हो गईं।

दोपहर में एसपी सिटी प्रशांत कुमार द्वारा कोतवाली क्षेत्र में रेलवे रोड पर भ्रमण किया गया। यहां पर कहारान पुल पर बेरीकेडिग लगा दी गई है जिससे अनावश्यक लोग बाजार में भ्रमण न कर पाएं, हालांकि निर्माण सामग्री लाने ले जाने, रोडवेज बस, हाईवे पर चलने वाले वाहनों के आवागमन में किसी तरह की कोई रोक नहीं थी। पंचायत चुनाव में भी मतों की गिनती का काम साप्ताहिक बंदी से प्रभावित नहीं होगा। लोग घरों में रहें बाहर न निकलें

शास्त्री चौराहा पर साप्ताहिक बंदी का निरीक्षण करने आए एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। लोगों को घरों पर रहना चाहिए और कोरोना संक्रमण के दौरान सरकार की मंशा के अनुरूप नियमों का पालन करना चाहिए। जो लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि साप्ताहिक बंदी में मरीज या उनके स्वजन के अलावा आवश्यक वस्तुओं के आने जाने पर कोई रोक नहीं है। यह बात सभी को समझनी चाहिए। बिना काम के अनावश्यक घर के बाहर घूमने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। इंस्पेक्टर कोतवाली बचन सिंह, यातायात निरीक्षक रवि तोमर, एसएसपी पीआरओ गगन गौर आदि पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

You may have missed