Agra News :कारगिल विजय दिवस: डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में वीरों को श्रद्धांजलि, गुंजन सक्सेना पर नाट्य प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र

IMG-20260729-WA0001
Share News

आगरा। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल के अतुल्य भारत सांस्कृतिक सभागार में देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, शहीदों के प्रति सम्मान और भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति गौरव की भावना विकसित करना था। पूरे सभागार में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष एवं भारतीय वायु सेना के पूर्व अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने किया।

IMG 20260729 WA0001

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारतीय वायु सेना की फ्लाइट लेफ्टिनेंट गुंजन सक्सेना के जीवन पर आधारित प्रेरक नाट्य प्रस्तुति रही। विद्यार्थियों ने उनके संघर्ष, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रस्तुति में कारगिल युद्ध के दौरान उनके साहसिक हेलिकॉप्टर मिशनों, घायल सैनिकों की सहायता और सैन्य सामग्री की आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को दर्शाया गया।

इसके अलावा विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, समूहगान, ओजस्वी कविताएं, प्रेरक भाषण, सांस्कृतिक नृत्य और संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। प्रत्येक प्रस्तुति में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और वीर सैनिकों के बलिदान का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।
स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि देशभक्ति केवल एक भावना नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प है। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस उन अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

IMG 20260728 WA0014

उन्होंने फ्लाइट लेफ्टिनेंट गुंजन सक्सेना को भारतीय नारी शक्ति, साहस और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका जीवन विशेष रूप से बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए इसे सच्ची देशभक्ति बताया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने कहा कि देशप्रेम किसी एक दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवनभर अपनाए जाने वाले संस्कारों का हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना पूरी मजबूती के साथ मौजूद है।

कार्यक्रम में डीन एडमिनिस्ट्रेशन चंद्रशेखर डैंग, समन्वयक योगी चाहर, सौम्या मिश्रा, सुनयना चंद्रा, प्राची यादव, अंकित कुमार, दिव्या खंडेलवाल, पलक जैन सहित समस्त शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Trending News