Agra News : आगरा में फिल्म ‘देवी विज्ञानम’ के पोस्टर का विमोचन, मां करणी की दिव्य शक्ति और विज्ञान के रहस्यों पर आधारित है कहानी
संवाददाता प्रताप सिंह आजाद
आगरा। विज्ञान, आध्यात्म और मानवीय आस्था के बीच के गहरे संबंधों को दर्शाने वाली फिल्म ‘देवी विज्ञानम’ के पोस्टर का विमोचन फतेहाबाद रोड स्थित होटल पन्ना पैराडाइज में किया गया। इस अवसर पर फिल्म से जुड़े निर्माता, को-प्रोड्यूसर एवं शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फिल्म के को-प्रोड्यूसर मोहित शर्मा और भरत शर्मा ने बताया कि ‘देवी विज्ञानम’ की कहानी एक ऐसे नास्तिक व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका विज्ञान और तर्क पर अटूट विश्वास है। वह हमेशा ईश्वर के अस्तित्व पर सवाल उठाता रहा है, लेकिन जीवन में घटित होने वाली कुछ रहस्यमयी घटनाएं उसके विचारों और मान्यताओं को चुनौती देने लगती हैं। इन घटनाओं के बीच वह मां करणी की दिव्य शक्ति को जानने और समझने की एक असाधारण यात्रा पर निकल पड़ता है। इस यात्रा के दौरान उसके जीवन, विश्वास और दुनिया को देखने का नजरिया पूरी तरह बदलने लगता है।

कार्यक्रम संयोजक प्रांजल भारद्वाज ने बताया कि फिल्म में आस्था, रिश्तों और जीवन से जुड़े अनसुलझे रहस्यों को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म की कहानी दर्शकों को विज्ञान और आध्यात्म के बीच के संबंधों पर विचार करने के लिए प्रेरित करेगी। इसमें यह दिखाने का प्रयास किया गया है कि किस प्रकार कुछ असाधारण अनुभव व्यक्ति की सोच और जीवन के प्रति उसके दृष्टिकोण को बदल सकते हैं।
फिल्म का निर्देशन कर्तव्य शाह ने किया है, जबकि इसका निर्माण किंग प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले किया गया है। फिल्म की कहानी पृथ्वी पटेल ने लिखी है। पोस्टर विमोचन के दौरान फिल्म की विषयवस्तु और उसके उद्देश्य को लेकर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर रविकांत दुबेश, बाबू गप्पी, चेतन अरोड़ा, कृष्ण मुरारी अग्रवाल, ब्रजमोहन अरोड़ा, मनीष उपाध्याय, देवेन्द्र वर्मा, मोहित शर्मा पलीया, अंजुम भाई सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।