संवाददाता, आलापुर (अम्बेडकर नगर)।
अम्बेडकर नगर जिले के विकासखंड जहांगीरगंज अंतर्गत ग्राम मुबारकपुर पिकार (एससी बस्ती) में स्थित सार्वजनिक आस्था स्थल डीह बाबा की स्थिति बदहाल हो गई है। डीह बाबा परिसर, पानी की टंकी तथा सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग पर बड़ी-बड़ी घास और घनी झाड़ियां उग आने से श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों में हर समय सांप-बिच्छू का भय बना हुआ है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी सफाई व्यवस्था को लेकर उदासीन बने हुए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सफाई कर्मचारी की तैनाती होने के बावजूद वह नियमित रूप से गांव में सफाई करने नहीं आता। परिणामस्वरूप न तो सार्वजनिक स्थलों की झाड़ियां साफ कराई जाती हैं और न ही कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार डीह बाबा स्थल पर प्रतिदिन पूजा-अर्चना के लिए लोग पहुंचते हैं। वहीं स्थापित पानी की टंकी से श्रद्धालु पूजा के लिए पानी भी भरते हैं, लेकिन टंकी के चारों ओर उगी घनी झाड़ियों के कारण वहां तक पहुंचना जोखिम भरा हो गया है। सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग पर भी घास फैल जाने से राहगीरों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में झाड़ियों के बीच सांप-बिच्छू निकलने की आशंका बनी रहती है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, खंड विकास अधिकारी तथा ग्राम पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों से डीह बाबा स्थल, पानी की टंकी परिसर एवं सार्वजनिक मार्गों की तत्काल सफाई कराने, झाड़ियों को हटवाने तथा नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो किसी भी दिन अप्रिय घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
इस संबंध में जब एडीओ पंचायत, विकासखंड जहांगीरगंज से फोन पर संपर्क कर पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कहा, “साफ-सफाई के मामले में आप सोमवार को मुझसे बात करिए, तब पूरी जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी।”