Bihar News: चनपटिया थाना क्षेत्र में भूमि विवाद की रंजिश में चाकू से गोदकर राजमिस्त्री की हत्या

Share News

सिरसिया थाना क्षेत्र में पूर्व रंजिश और भूमि विवाद को लेकर वारदात, शव रखकर एनएच-727 जाम

IMG-20260810-WA0033
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह

बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
पश्चिमी चंपारण जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र में भूमि विवाद और पूर्व रंजिश को लेकर रविवार देर शाम एक राजमिस्त्री की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सिरसिया पंचायत के वार्ड संख्या-09 निवासी मोतीलाल पटेल के 35 वर्षीय पुत्र धामू पटेल के रूप में हुई है।

IMG 20260810 WA0033

बताया जाता है कि धामू पटेल पिछले करीब छह महीने से बेतिया के छावनी क्षेत्र में एक मकान निर्माण में राजमिस्त्री का काम कर रहा था। वह अपने साथ मजदूर रामायण यादव को भी काम पर ले जाता था। रविवार को भी दोनों काम करने गए थे। काम समाप्त होने के बाद धामू पटेल रामायण यादव को अपनी बाइक से उसके घर छोड़ने जा रहा था।

रामायण यादव ने बताया कि धामू उसे घर छोड़ने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान भगड़वा नहर के समीप बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया और चाकू से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

मृतक के बड़े भाई मोहन पटेल ने आरोप लगाया कि गांव के ही कुछ लोगों से धामू पटेल का पिछले करीब छह महीने से भूमि विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर पहले भी उसके भाई के साथ मारपीट की गई थी। उनका आरोप है कि इसी पूर्व रंजिश के चलते आरोपितों ने धामू पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

सूचना मिलने के बाद सिरसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या के पीछे भूमि विवाद ही मुख्य कारण है या कोई अन्य वजह, इसका खुलासा पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

शव सड़क पर रखकर किया गया जाम

घटना के विरोध में सोमवार सुबह मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग (एनएच-727) पर जिनवलिया के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया। इससे मार्ग पर कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा। परिजनों ने हत्यारों की गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई की मांग की।

घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि और आरोपितों की भूमिका के संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।

Trending News