Bihar News: चकसिकंदर रेलवे स्टेशन के पास अंडरपास निर्माण को लेकर बैठक, 9 जुलाई से चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान

IMG-20260705-WA0004
Share News

संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।

महान स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय छात्रावास सेवा समिति की ओर से आम जनता की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शंभू प्रसाद सिंह ने की, जबकि संचालन सेवा समिति के अध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने किया।

IMG 20260705 WA0004

बैठक में सोनपुर रेल मंडल के अंतर्गत हाजीपुर–बछवारा रेलखंड स्थित चकसिकंदर रेलवे स्टेशन के समीप संपर्क संख्या 41-सी पर अंडरपास निर्माण के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे सोनपुर, रेल मंत्रालय तथा जनप्रतिनिधियों को कई बार ज्ञापन सौंपा गया और ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अंडरपास निर्माण कार्य शुरू होने तक चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। आंदोलन के प्रथम चरण के तहत 9 जुलाई 2026 को चकसिकंदर रेलवे स्टेशन परिसर में धरना-सभा आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को मांगपत्र सौंपा जाएगा।

अंडरपास निर्माण तक आंदोलन के संचालन के लिए एक समिति का गठन भी किया गया। इसमें शंभू प्रसाद सिंह को अध्यक्ष, तपेश्वर सिंह को उपाध्यक्ष, अर्जुन प्रसाद राय को सचिव, सिताब लाल सहनी को उपसचिव, नंदलाल राय को कोषाध्यक्ष, नवल किशोर राय को महासचिव तथा मजे लाल राय को संरक्षक बनाया गया।

इसके अलावा डॉ. रंजीत कुमार, शंभू कुमार, अरविंद कुमार, कैलाश राय, शिवाजी राय, मिथिलेश कुमार राय, हेमनारायण राय, दिलीप राय, जितेंद्र शर्मा, चंदेश्वर सिंह, रामानंद पासवान, सिताब लाल सहनी, शंभू राय, बिंद्रा राय, रमाशंकर राय, शिवशंकर पासवान, विजय सिंह सहित कुल 41 सदस्यीय समिति का गठन किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि समिति के पूरे आंदोलन का नेतृत्व प्रखंड के समाजसेवी वीर बहादुर सिंह करेंगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि अंडरपास निर्माण कार्य शीघ्र शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Trending News