Bihar News: पश्चिम चम्पारण में हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

WhatsApp Image 2026-08-15 at 5.23.30 PM
Share News

संवाददाता: मोहन सिंह | बेतिया/पश्चिम चम्पारण

बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिले के विभिन्न हिस्सों में आन-बान-शान के साथ तिरंगा फहराया गया। सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, शिक्षण संस्थानों, पंचायतों और महादलित टोलों में भी झंडोत्तोलन कर राष्ट्रीय पर्व की खुशियां मनाई गईं।

रमना मैदान में हुआ मुख्य समारोह

स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह रमना मैदान, बेतिया में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री-सह-प्रभारी मंत्री, पश्चिम चम्पारण लखेन्द्र कुमार रौशन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में सांसद डॉ. संजय जायसवाल, विधायक श्रीमती रेणु देवी, पूर्व विधायक उमाकांत सिंह, नगर निगम बेतिया की उपमहापौर श्रीमती गायत्री देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

वहीं पुलिस उप महानिरीक्षक, चम्पारण क्षेत्र हरकिशोर राय, जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त सुश्री शिवाक्षी दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

विभिन्न कार्यालयों में भी हुआ ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण कार्यालय में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम तथा अनुमंडल कार्यालय, बेतिया में अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

जिले के सभी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, पंचायतों तथा महादलित टोलों एवं बस्तियों में भी ध्वजारोहण किया गया। विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रगान, देशभक्ति कार्यक्रम और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं।

प्रभारी मंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

मुख्य समारोह में ध्वजारोहण के बाद प्रभारी मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने जिलेवासियों को संबोधित किया। उन्होंने पश्चिम चम्पारण में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा उपलब्धियों की जानकारी साझा की।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना और सभी वर्गों के समावेशी विकास को सुनिश्चित करना है।

प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी हमारे लिए अधिकार के साथ-साथ इसे सुरक्षित रखने और देश के विकास में योगदान देने की जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने जिलेवासियों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और एकता बनाए रखने तथा विकसित एवं समृद्ध बिहार के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को किया सम्मानित

समारोह के दौरान कर्तव्यों के उत्कृष्ट निर्वहन और सराहनीय कार्य के लिए पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में वरीय उप समाहर्ता मो. अहमद अली अंसारी सहित हीरा यादव, अनिल कुमार, सुनील नाथ तिवारी, नवीन कुमार, भूषण कुमार और कबीर सौरभ शामिल रहे।

व्यवसायियों एवं प्रतिष्ठानों को मिला भामाशाह सम्मान

राज्य सरकार को आर्थिक संबल प्रदान करने तथा जिले के विकास में सहयोग देने वाले व्यवसायियों एवं प्रतिष्ठानों को भी सम्मानित किया गया। इस क्रम में मॉडर्न ऑटो एजेंसी, बेतिया, मॉडर्न ऑटोमोटिव, बेतिया, चम्पारण ऑटोमोबाइल्स एलएलपी, बेतिया, मेसर्स मां विंध्यवासिनी कंस्ट्रक्शन, ठकराहां, मां दुर्गा ट्रेडर्स तथा आदित्य कुमार तिवारी को भामाशाह सम्मान प्रदान किया गया।

970 लाभुकों को मिला बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रभारी मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने 30 भूमिहीन परिवारों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र प्रदान किए। बताया गया कि पूरे पश्चिम चम्पारण जिले में एक ही दिन 970 लाभुकों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले लाभुकों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया।

फेसबुक लाइव से हुआ मुख्य समारोह का प्रसारण

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण फेसबुक लाइव के माध्यम से किया गया। सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, पश्चिम चम्पारण की ओर से किए गए लाइव प्रसारण के जरिए जिलेवासियों ने मुख्य समारोह, ध्वजारोहण और अन्य कार्यक्रमों को देखा एवं सुना। इससे जिले से बाहर रहने वाले लोगों को भी समारोह से जुड़ने का अवसर मिला।

समारोह का सफल एवं गरिमापूर्ण संचालन एनईपी के पुरुषोत्तम त्रिवेदी एवं शिक्षिका सुश्री मेरी एडलिन द्वारा किया गया।

Trending News