संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हाट सरैया वार्ड संख्या-2 में मोटरसाइकिल विवाद को लेकर सगे भाई द्वारा अपने ही छोटे भाई की चाकू से हमला कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही बैरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपित भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान रहमतुल्लाह मियां के पुत्र इब्राहिम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, इब्राहिम और उसके सगे भाई के बीच मोटरसाइकिल को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। हालांकि, परिवार के अन्य सदस्यों को इस विवाद की गंभीरता की जानकारी नहीं थी।
मृतक के पिता ने बताया कि सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच परिवार के अधिकांश सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपित भाई घर में घुसा और इब्राहिम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में इब्राहिम गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिजन जब तक उन्हें बचाने का प्रयास करते, तब तक उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बैरिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक के परिजनों ने सगे भाई पर हत्या का आरोप लगाते हुए उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बैरिया थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषी के विरुद्ध सख्त एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।