संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। पश्चिम चंपारण जिले में 12 घंटे के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या किए जाने की घटनाओं से सनसनी फैल गई है। एक घटना मनुआपुल थाना क्षेत्र में हुई, जबकि दूसरी बैरिया थाना क्षेत्र में सामने आई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मनुआपुल थाना क्षेत्र : युवक की गला रेतकर हत्या
मनुआपुल थाना क्षेत्र में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान असलम शेख (लगभग 20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गौनाहा थाना क्षेत्र के गौनाहा बाजार का निवासी था। वह बेतिया के मेहंदियाबाड़ी स्थित अपने नाना के घर रहकर मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार, उसकी हाल ही में शादी हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही मनुआपुल थानाध्यक्ष रवि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस के अनुसार, मृतक के शव के पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में गला रेतकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है तथा आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
बैरिया थाना क्षेत्र : सगे बड़े भाई पर छोटे भाई की हत्या का आरोप
इसी दौरान बैरिया थाना क्षेत्र के हाट सरैया वार्ड संख्या-2 में मोटरसाइकिल विवाद को लेकर सगे बड़े भाई द्वारा छोटे भाई की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया। पुलिस ने इस मामले में आरोपित भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पश्चिम चंपारण में अल्प समय के भीतर हुई इन दोनों हत्याओं से लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी